हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 17 मार्च से आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के चौथे दिन तक बिहार के खिलाड़ियों ने कुल छह पदक अपने नाम कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
प्रतियोगिता में हिमांशु कुमार ने एफ-63 शॉट पुट स्पर्धा में रजत पदक जीता। वहीं शैलेश कुमार ने टी-53 व्हीलचेयर रेस 400 मीटर में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने टी-54 100 मीटर दौड़ में भी रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता प्राप्त की। अर्चना कुमारी ने टी-54 शॉट पुट में रजत पदक तथा टी-54 डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर बिहार का गौरव बढ़ाया।

इस खेल महाकुंभ में देशभर के 28 राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों तथा बीएसएफ सहित लगभग 1600 एथलीट भाग ले रहे हैं। बिहार से कुल 54 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनके प्रदर्शन से राज्य में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान पैरा ओलंपिक कमेटी (पीसीआई) के अधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पैरा एथलीट देश की शान हैं और उनकी उपलब्धियां पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित करती हैं।
बिहार के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में उत्साह है और आने वाले दिनों में और पदकों की उम्मीद जताई जा रही है।







