बिहार कांग्रेस ने शशि भूषण को EBC विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया, चुनाव से पहले जनाधार बढ़ाने की कोशिशें तेज

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।बिहार कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार, 13 मई को अति पिछड़ा वर्ग (EBC) विभाग के अध्यक्ष पद पर शशि भूषण की नियुक्ति की गई। कांग्रेस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया गया है, जिसमें शशि भूषण को तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की जानकारी दी गई है।

शशि भूषण कुम्हार समाज से आते हैं, जो कि बिहार में अति पिछड़ा वर्ग की प्रभावशाली जातियों में से एक मानी जाती है। उनकी नियुक्ति को पार्टी की सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस पार्टी वर्ष 2005 से ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन में बिहार में चुनाव लड़ती आ रही है। हालांकि, राज्य में उसका स्वतंत्र जनाधार कमजोर माना जाता है। ऐसे में पार्टी लगातार बदलाव की रणनीति पर काम कर रही है। हाल ही में कांग्रेस ने बिहार प्रभारी बदला, फिर प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव किया गया और अब EBC विभाग में भी नई नियुक्ति की गई है।

कांग्रेस पार्टी इस बार संगठन को जातीय संतुलन के आधार पर नया स्वरूप देने की कोशिश में जुटी है। पार्टी ने हाल ही में ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान के साथ ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ की शुरुआत की। अब पूर्व सांसद कन्हैया कुमार ‘न्याय संवाद यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सीधे जनता से जुड़ना और कांग्रेस की छवि को नये सिरे से गढ़ना है।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि ये सभी गतिविधियाँ आगामी चुनाव में कांग्रेस को महागठबंधन में बेहतर सौदेबाजी की स्थिति में लाने की कोशिश हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इस बार 70 से अधिक सीटों की मांग कर सकती है।

कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के साथ मिलकर ही मैदान में उतरेगी। लेकिन पार्टी अब अपने जनाधार को बढ़ाने और स्वतंत्र पहचान स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रयोग कर रही है। संगठन में सामाजिक संतुलन और कार्यकर्ता आधारित नियुक्तियाँ इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही हैं।

Leave a Comment