बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : नालंदा में मतदाता जागरूकता को लेकर स्वीप और मीडिया कोषांग की समीक्षा बैठक आयोजित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नालंदा के उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर की अध्यक्षता में स्वीप कोषांग एवं मीडिया कोषांग से जुड़े संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु व्यापक स्तर पर स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि चिन्हित लो वोटोत्तर मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर आम मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।

सरकारी विभागों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जीविका, सामाजिक सुरक्षा, आईसीडीएस, खेल विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करनी होगी।

रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनजागरण

मतदाताओं को जागरूक करने हेतु मेहंदी प्रतियोगिता, रंगोली, क्विज, गोद भराई कार्यक्रम, साइकिल और मोटरसाइकिल रैली, संगीत एवं खेल प्रतियोगिताएं जैसे आयोजन किए जाएंगे।

आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, एनसीसी, स्काउट-गाइड, जीविका दीदी, शिक्षामित्र, विकास मित्र, दिव्यांगजन एवं खिलाड़ी आपसी समन्वय से अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाएंगे।

मीडिया के सहयोग से जागरूकता अभियान को मिलेगा बल

उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से स्वीप गतिविधियों का प्रचार-प्रसार तेज़ किया जाए ताकि जिले में अधिकतम संख्या में मतदाता मतदान के लिए प्रेरित हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि हमें चुनाव को एक उत्सव के रूप में मनाते हुए जिले में ऐसा माहौल बनाना है जिससे मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीपीओ-आईसीडीएस, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा व दिव्यांगजन सशक्तिकरण), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जीविका परियोजना प्रबंधक, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment