कतरीसराय में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच साइबर ठग गिरफ्तार, 11 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद

Written by Subhash Rajak

Published on:

आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)।नालंदा के आरक्षी अधीक्षक भारत सोनी के विशेष निर्देश पर कतरीसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरडीह गांव में शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्थानीय थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, “अल खैर इस्लामिक फाइनेंस” के नाम पर सस्ते दर पर लोन देने के बहाने लोगों से ठगी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष ने राजगीर के पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं गिरीयक इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज से विचार-विमर्श कर एक विशेष टीम गठित की।

इस टीम में एसआई आदित्य कुमार, एएसआई मनीष कुमार, एएसआई रूदल पासवान, पीटीसी लालू कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष कर रहे थे।

छापेमारी के दौरान कतरडीह गांव के कई घरों में तलाशी ली गई, जहां से पांच साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग विभिन्न राज्यों में ठगी के लिए किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. अभिषेक सिंह उर्फ दिलीप कुमार (20 वर्ष), पिता – उचित सिंह
  2. रवि कुमार उर्फ अंकित राज (25 वर्ष), पिता – उमेश सिंह
  3. अमरेश कुमार (27 वर्ष), पिता – सुचित सिंह
  4. प्रभात कुमार उर्फ प्रभात सिंह (34 वर्ष), पिता – श्रवण सिंह
  5. विक्रम कुमार (23 वर्ष), पिता – रंजीत पासवान

सभी अभियुक्त कतरडीह, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा के निवासी हैं।

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि सभी मोबाइल फोन साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए हैं। बरामद नंबरों पर विभिन्न राज्यों में दर्जनों साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों में से रवि उर्फ अंकित और अभिषेक सिंह के खिलाफ पहले भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं, और ये दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद इन्होंने पुनः इस आपराधिक गतिविधि को अपनाया।

थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी ने पुष्टि की कि सभी बरामद मोबाइल फोन और आरोपी साइबर अपराध में लिप्त पाए गए हैं तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment