अपना नालंदा संवाददाता
हिलसा। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हिलसा के द्वारा सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम नगर मंडल कार्यालय में नगर अध्यक्ष मंजय कुमार चंद्रवंशी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन और उनके राष्ट्रहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा ने कहा कि आज जो बंगाल का एक हिस्सा भारत में शामिल है, वह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की देन है। उन्होंने ‘एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान – नहीं चलेंगे’ का नारा देते हुए कश्मीर में प्रवेश किया और अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। अर्जुन प्रसाद ने बताया कि 1937 में जब जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी, तब डॉ. मुखर्जी को, कांग्रेस में न होते हुए भी, उद्योग मंत्री बनाया गया। आज भिलाई, राउरकेला, और चितरंजन जैसे औद्योगिक नगरों की स्थापना उन्हीं की दूरदर्शिता का परिणाम है।
नगर अध्यक्ष मंजय कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि भारत के वर्तमान विकास की नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही रखी थी, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हम सभी को भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प में जुट जाना चाहिए।
वाणिज्य प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय सागर ने कहा कि आज का बलिदान दिवस हम सभी के लिए प्रेरणा की घड़ी है। डॉ. मुखर्जी के चरित्र, व्यक्तित्व और नेतृत्व को हमें अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री अभिनव कौशल जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह, नगर मंत्री रजनीश रंजन, अभयानंद सिंह, नगर कोषाध्यक्ष सुमित माथुर, अभिषेक कुमार, अंशु कुमार, सोनू कुमार, अभिषेक राज, प्रकाश कुमार, आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।