आशा बहाली में रिश्वत लेते नगरनौसा पीएचसी के बीसीएम निगरानी टीम के हत्थे चढ़े

Written by Sanjay Kumar

Published on:


नगरनौसा (अपना नालंदा)। आशा कर्मी की बहाली के नाम पर महिला से रिश्वत लेते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरनौसा के बीसीएम मंजीत कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बीसीएम आशा बहाली कराने के एवज में एक महिला से 25 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
बताया जाता है कि नगरनौसा क्षेत्र की बॉबी कुमारी से आशा कार्यकर्ता की बहाली के नाम पर मंजीत कुमार ने 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। महिला ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत के बाद निगरानी टीम ने मामले की जांच कर जाल बिछाया। योजना के तहत जैसे ही बीसीएम ने महिला से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।


गिरफ्तारी की कार्रवाई होते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। निगरानी टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि नगरनौसा प्रखंड में एक सप्ताह के भीतर निगरानी विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 20 मार्च को प्रखंड कार्यालय में तैनात बीपीआरओ को छठ घाट योजना की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी टीम ने गिरफ्तार किया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पूरे प्रखंड क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सक्रियता की चर्चा हो रही है।

Leave a Comment