शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया बकरीद पर्व, पुलिस-प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च

Written by Subhash Rajak

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नु
नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरी श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के वातावरण में शांतिपूर्वक मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस्लाम धर्म के इस प्रमुख त्योहार को कुर्बानी के साथ सादगी और श्रद्धा से मनाया।

त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंचलाधिकारी दीपक कुमार, थानाध्यक्ष रजनीश कुमार एवं रमेश पासवान के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ बकरीद की पूर्व संध्या पर नूरसराय बाजार, अंधना, रसलपुर सहित कई गाँवों में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने का संदेश दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि त्योहार को लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम किए गए थे। किसी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई थी।

बकरीद के दिन सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की बधाई दी और कुर्बानी की रस्म अदा की।

इस दौरान बाजार और गांवों में विशेष रौनक देखने को मिली। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में भी त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। बच्चे नए कपड़ों में नजर आए और घरों में विशेष व्यंजन बनाकर खुशियां मनाई गईं।

ईद-उल-अजहा के अवसर पर नूरसराय प्रखंड में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पूरा क्षेत्र शांतिपूर्ण रहा, जो स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आमजन के सहयोग से संभव हो सका।

Leave a Comment