अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।जिला आपूर्ति विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार नालंदा जिले सहित पूरे बिहार राज्य में ऐसे कई योग्य व्यक्ति हैं जो अर्हता प्राप्त होने के बावजूद अब तक प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड से वंचित हैं। इस समस्या के समाधान हेतु बिहार सरकार द्वारा 26 मई से 28 मई तक तीन दिवसीय आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी, नालंदा के निर्देशानुसार इस मेगा कैंप के दौरान जिले की प्रत्येक पंचायत में दो स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे:
- चिन्हित जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान:
यहाँ CSC (VLE) ऑपरेटर द्वारा आयुष्मान भारत कार्ड का निर्माण किया जाएगा। - पंचायत सरकार भवन / पंचायत मुख्यालय:
यहाँ संबंधित पंचायत के कार्यपालक सहायक द्वारा कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
तीनों दिन पंचायत कार्यपालक सहायक अनिवार्य रूप से अपने पंचायत में उपस्थित रहेंगे, भले ही वे पहले से किसी अन्य कार्य में प्रतिनियुक्त हों। इसी प्रकार प्रखण्ड पंचायती राज पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्यपालक सहायक सुबह 8:00 बजे तक कैंप स्थल पर उपस्थित हों एवं कार्य को संपन्न करें।
CSC जिला प्रबंधक चिन्हित PDS दुकानों पर VLE ऑपरेटरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
आशा कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका, जीविका दीदी आदि की मदद से पात्र लाभार्थियों को कैंप तक लाया जाएगा।
जिला समन्वयक (आयुष्मान कार्ड) कैंपों के संचालन में समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं निरीक्षक अपने क्षेत्रों में कैंप संचालन का दायित्व संभालेंगे और कार्ड निर्माण का कार्य सुनिश्चित करेंगे।
इस मेगा कैंप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।




