नालंदा महिला कॉलेज में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न विषयक जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

रंजीत कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा महिला कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में “कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विभिन्न विषयों की छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

संगोष्ठी में समाजशास्त्र विभाग के व्याख्याता डॉ. नागमणि कुमार ने छात्राओं को यौन उत्पीड़न के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी तथा इससे संबंधित सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों और उनके प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता कुमारी ने “शी-बॉक्स पोर्टल” की उपयोगिता और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आशिया परवीन ने संविधान में महिलाओं की सुरक्षा हेतु किए गए प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और वन स्टॉप सेंटर (OSC) की भूमिका पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में प्रो. पुष्पलता कुमारी, डॉ. रामधनी पाल, डॉ. इकरामुद्दीन, डॉ. शबनम अंसारी, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. अंशु कुमारी, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. बबली कुमारी, डॉ. वर्षा रानी एवं डॉ. चंदना कुमारी उपस्थित रहीं।

छात्राओं में तेजस्वी भारती, तहूरा फातमा, खुशबू कुमारी और स्वाति सिंहा ने यौन उत्पीड़न के निषेध एवं निवारण पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं मुस्कान कुमारी, सोनम कुमारी, सानिया, जीनत, कविता, प्रिया कुमारी और आसमा परवीन ने पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक कर सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।

Leave a Comment