हिलसा में सूखा नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान, डा. मानव ने युवाओं को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हिलसा (अपना नालंदा)।हिलसा छात्रावास मैदान में समाजसेवी सह गुटखा छोड़ो आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. आशुतोष कुमार मानव के नेतृत्व में सूखा नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवाओं ने भाग लिया। डा. मानव ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नशा न करने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में सूखा नशा तेजी से युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। बड़ी संख्या में नौजवान इस दलदल में फंसकर बेमौत मर रहे हैं। यदि समय रहते समाज और परिवार के लोग नहीं चेते, तो आने वाले समय में युवा शक्ति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।


डा. मानव ने बताया कि अधिकांश बच्चे पहले देखा-देखी या जिज्ञासा के कारण नशीले पदार्थों का सेवन शुरू करते हैं, जो धीरे-धीरे उनकी आदत बन जाती है। खासकर बीएस, ड्रग्स और इंजेक्शन जैसे घातक नशों की चपेट में आकर हजारों लोग असमय मौत का शिकार हो चुके हैं।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सही मार्गदर्शन दें। साथ ही युवाओं से कहा कि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
अंत में डा. मानव ने कहा कि नशा नाश की जननी है, जो व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और पूरे समाज को भी खोखला कर देता है। इसलिए सभी को मिलकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेना होगा।

Leave a Comment