अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। मोतिहारी जिले के सुगौली में 28 से 30 मार्च तक आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय कैडेट भारोत्तोलन प्रतियोगिता में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, जहानाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों प्रमुख खिताब अपने नाम कर लिये। प्रतियोगिता में जहानाबाद की टीम ने अंडर-11, अंडर-13 तथा ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीतकर पूरे बिहार में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस प्रतियोगिता में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीक और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने अन्य जिलों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल जगत में गर्व का माहौल बना दिया है।

प्रतियोगिता में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने कुल 20 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इनमें 7 स्वर्ण, 7 रजत तथा 6 कांस्य पदक शामिल हैं। विशेष रूप से अंडर-11 वर्ग में जहानाबाद के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा।
25 किलोग्राम वर्ग में प्रीति कुमारी, 30 किलोग्राम वर्ग में दर्पण भारद्वाज और दिवाकर शर्मा, 35 किलोग्राम वर्ग में साक्षी कुमारी, 40 से अधिक किलोग्राम वर्ग में विवेक और कोमल कुमारी तथा 55 किलोग्राम वर्ग में अमरजीत ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। इसके अतिरिक्त कई खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में टीम की स्थिति को और मजबूत बनाया।
इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने खिलाड़ियों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जहानाबाद के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है और यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।







