विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।बिहारशरीफ के दीपनगर स्टेडियम में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी फुटबॉल स्टेट लीग (अंडर-15 एवं अंडर-18) प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 30 मार्च से 31 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने किया। उद्घाटन के साथ ही मैदान पर रोमांचक मुकाबलों का दौर शुरू हो गया, जिसमें नालंदा और भोजपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

यह प्रतियोगिता खेल प्राधिकरण भारत सरकार, खेल मंत्रालय, रग्बी इंडिया, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार तथा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में बिहार के कुल 10 जिलों से आए खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सभी खिलाड़ी मैदान पर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रहा है, जिससे पूरा वातावरण खेलमय हो गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि रग्बी जैसे खेलों में भी बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं, इसके लिए उन्हें अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव पंकज कुमार ज्योति ने कहा कि बिहार में रग्बी खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह संकेत देता है कि आने वाले समय में बिहार रग्बी के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राज्य स्तरीय आयोजन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करते हैं।

कार्यक्रम में जेल अधीक्षक आलोक कुमार पांडेय, वरीय उप समाहर्ता एवं जिला खेल पदाधिकारी आलोक चंद चौधरी, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज, जदयू प्रवक्ता धनंजय देव, पेंचक सिलाट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय कुशवाहा, रग्बी इंडिया के डेवलपमेंट मैनेजर शत्रुजीत दलई, शेखपुरा रग्बी सचिव विशाल सिंह, पेंचक सिलाट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रवि चंद्र कुमार, इनर व्हील क्लब बिहारशरीफ की अध्यक्ष रश्मि रानी, कोषाध्यक्ष ऋषिकेश कुमार तथा नवादा के सचिव विक्रम सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अलावा शारीरिक शिक्षक ओमपाल कुमार, विपिन कुमार, सुनील कुमार, अनामिका कुमारी, विभा कुमारी, निभा कुमारी सहित अन्य शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए भविष्य में बड़े अवसरों की ओर बढ़ सकते हैं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, अधिकारियों, टीम प्रबंधन, कोच, रेफरी और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।







