एशिया कप राजगीर 2025: भारत ने जापान को 3-2 से हराकर सुपर-4 में बनाई जगह

Written by Subhash Rajak

Published on:

सुभाष रजक
राजगीर(अपना नालंदा)। हीरो मेंस एशिया कप राजगीर बिहार 2025 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूल-ए के दूसरे मुकाबले में जापान को 3-2 से हराकर सुपर-4 में स्थान सुनिश्चित कर लिया। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5’, 46’) और मनदीप सिंह (4’) ने गोल किए, जबकि जापान की ओर से कोसेई कवाबे (38’, 59’) ने दो गोल दागे। यह मुकाबला भारतीय गोलकीपर कृष्णा बी पाठक के लिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।
भारत ने पहले क्वार्टर में ही जोरदार शुरुआत की। चौथे मिनट में सुखजीत सिंह के पास पर मनदीप सिंह ने गोल किया, जबकि अगले ही मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। जापान ने भी संघर्ष जारी रखा, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें शुरुआती क्वार्टरों में गोल करने का मौका नहीं दिया।
तीसरे क्वार्टर में जापान के कोसेई कवाबे (38’) ने गोल कर वापसी की कोशिश की, मगर क्वार्टर समाप्त होने से पहले हरमनप्रीत सिंह (46’) ने एक और गोल कर भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम क्वार्टर में जापान ने दबाव बनाया और 59वें मिनट में कवाबे ने दूसरा गोल दागा, लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में संयम बनाए रखते हुए जीत अपने नाम की।
इस जीत के साथ भारत ने सुपर-4 में जगह पक्की कर ली है। अब उसका अगला मुकाबला सोमवार, 1 सितंबर को रात 7:30 बजे कज़ाख़स्तान से होगा।

Leave a Comment