अतिपिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ यात्रा को लेकर अरमान देव ने किया नालंदा में जनसंपर्क

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।शनिवार को लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक ने नालंदा जिले के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने पार्टी की “अतिपिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ” यात्रा को सफल बनाने के लिए दर्जनों गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

अरमान देव ने अस्थावां प्रखंड के अन्दी, धरहरा, कुलती, कोदई बिगहा, जीयर, बेलदरिया, रहमानपुर, चूल्हारी, कोनंद, मकसूदपुर, चकदीन, गुफरविगहा, नेरूत, मोहम्मदपुर, राजमा, शेरपुर, डुमरावां, बिंद प्रखंड के लाल बिगहा, सदरपुर, मीरबिगहा, निगराइन, बकरा, नौरंगा, ताजनीपुर, मकनपुर तथा सरमेरा प्रखंड के बड़ी घरियारी और पुरानी ईसुआ जैसे गांवों का दौरा किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 35 वर्षों से बड़े-बड़े नेताओं ने अतिपिछड़ों को केवल ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में 36% आबादी अतिपिछड़ा वर्ग की है, जिन्हें संगठित होकर अपने हक और अधिकार के लिए लड़ना होगा। उन्होंने दलितों और महादलितों को एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक शोषण बंद नहीं होगा।

अरमान देव ने बिहार सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आमजन को जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र और स्कूल नामांकन जैसे कार्यों के लिए महीनों चक्कर काटने पड़ते हैं और बिना घूस दिए कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के साथ बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, किसानों की अनदेखी और मजदूरों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी को मजबूत करें ताकि गरीबों, मजदूरों, किसानों और युवाओं की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बिहार में “भ्रष्टाचार की सरकार” को उखाड़ फेंकने और एक जनहितकारी सरकार बनाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार, जिला अध्यक्ष अरविंद धानुक, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र कुमार चंद्रवंशी, जिला सचिव श्रवण कुमार, सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित कई स्थानीय नेता मौजूद थे।

Leave a Comment