बकरीद को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

Written by Subhash Rajak

Published on:

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तर के अधिकारियों से जुड़े

सुभाष रजक
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ संपन्न हुई।

बैठक में जानकारी दी गई कि बकरीद पर्व 7 जून को मनाया जाएगा, जिसकी परंपरा अनुसार तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बकरीद का पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय स्तर पर माइक्रो प्लान के अनुसार कार्रवाई के निर्देश
डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, थानाध्यक्षों, डीलरों, विकास मित्रों, आवास सहायकों और पीआरएस को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर माइक्रो प्लान बनाकर छोटी से छोटी अप्रिय घटनाओं की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
डीएम ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में चौक-चौराहों पर ‘रोको-टोको’ अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें और आवश्यकतानुसार चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की जाए। फ्लैग मार्च और हूटर बजाकर लगातार गश्ती की जाए ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

पुलिस अधीक्षक ने दिए कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने निर्देश दिया कि कुर्बानी के अवशेषों के सुरक्षित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित हो। नालों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा नमाज स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती अनिवार्य हो।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार 107, बॉन्ड डाउन, CCA, थाना बदर जैसी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी और बाहरी उपद्रवियों पर विशेष नजर रखने की बात भी कही। सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर निरंतर निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Comment