मुन्ना पासवान
गिरियक (अपना नालंदा)। पावापुरी सहायक थाना क्षेत्र के बजरंगी बीघा के पास पंचाने नदी में रविवार सुबह एक वृद्ध महिला की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान बजरंगी बीघा निवासी दुलार मांझी की पत्नी 55 वर्षीय गिरानी देवी के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरानी देवी सुबह शौच के लिए पंचाने नदी की ओर गई थीं। उनके पति दुलार मांझी ने बताया कि नदी के किनारे पानी छूते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में गिर गईं और डूब गईं।
जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव नदी में मिला। शव बरामद होने के बाद घटना की जानकारी स्थानीय पावापुरी सहायक थाना को दी गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष कुमार गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।