अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिथौरा में 16 अप्रैल की रात एक फलदान समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में एक वृद्ध व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखदेव ठाकुर (70 वर्ष), पिता विसु ठाकुर, निवासी कृपा बिगहा, थाना राजगीर, जिला नालंदा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुखदेव ठाकुर अपने जजमान रामानंद सिंह, ग्राम सिथौरा, थाना राजगीर, के पुत्र रॉकी कुमार के फलदान समारोह में विधिवत अनुष्ठान कराने पहुंचे थे। रात करीब 11:30 बजे कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर बैठे सुखदेव ठाकुर को अचानक गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए रूबन हॉस्पिटल, राजगीर ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज हेतु उन्हें बिहारशरीफ के जीवन ज्योति हॉस्पिटल रेफर किया गया। इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर राजगीर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पुत्रों प्रमोद शर्मा व अनिल ठाकुर से पूछताछ की। प्रारंभ में परिजनों ने मृत्यु का कारण छत से गिरना बताया, लेकिन शरीर पर गोली का निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा।
पुलिस द्वारा की गई जांच में समारोह का वीडियो फुटेज खंगालने पर यह स्पष्ट हुआ कि कार्यक्रम में एक व्यक्ति दो नाली बंदूक से हर्ष फायरिंग कर रहा था। गोली भरते समय अचानक गोली चल गई और उसके छर्रे सामने बैठे सुखदेव ठाकुर को लग गए।
फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान गणेश यादव, पिता बालक यादव, निवासी रेउला, थाना अतरी, जिला गया (वर्तमान पता चेतनालय बाना, राजगीर) के रूप में हुई है। आरोपी गणेश यादव आर्मी से रिटायर्ड है और वर्तमान में आयुद्ध फैक्ट्री, राजगीर में अनुबंध पर गनमैन के रूप में कार्यरत है।
राजगीर थाना अध्यक्ष के बयान के आधार पर 17 अप्रैल को राजगीर थाना कांड संख्या-200/25, धारा 103(1) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।