आयुध निर्माणी नालंदा के सीजीएम अनिल कुमार गुप्ता को दी गई भावभीनी विदाई, 16 माह में 450 करोड़ का मुनाफा

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। आयुध निर्माणी नालंदा के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) अनिल कुमार गुप्ता के स्थानांतरण के उपरांत शनिवार को एक भावभीन विदाई समारोह का आयोजन किया गया। श्री गुप्ता का स्थानांतरण जबलपुर के आयुध निर्माणी शिक्षण संस्थान, खमरिया में किया गया है। उनके स्थानांतरण की खबर मिलते ही निर्माणी परिसर में भावनात्मक माहौल बन गया।

अनिल कुमार गुप्ता का कार्यकाल भले ही सिर्फ 16 महीने का रहा, लेकिन इस दौरान उन्होंने संस्थान को उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया। उनके नेतृत्व में आयुध निर्माणी नालंदा ने लगभग 450 करोड़ रुपये का निर्यात मुनाफा अर्जित किया, जो एक रिकॉर्ड उपलब्धि मानी जा रही है।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री गुप्ता के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता और समर्पण की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में न केवल संस्थान की कार्य संस्कृति में सुधार हुआ, बल्कि कर्मचारियों के प्रशिक्षण और नवाचार को भी सक्रिय रूप से प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने अनुशासन और कार्यकुशलता को संस्थागत ढांचे का अभिन्न हिस्सा बना दिया।

अनिल कुमार गुप्ता ने समारोह में अपने संबोधन के दौरान आयुध निर्माणी नालंदा परिवार के सहयोग और स्नेह के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यहां बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार और गौरवपूर्ण पलों में से एक रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और सभी ने खड़े होकर तालियों की गूंज के बीच उन्हें विदाई दी। यह क्षण सभी के लिए भावुक और प्रेरणादायी बन गया।

इस अवसर पर कर्नल अनुपम शर्मा, महाप्रबंधक सुभाष यादव, सुधांशु कुमार, संयुक्त महाप्रबंधक (प्रशासन) रोहित मिश्रा, लुईस खाखा, संदीप कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment