अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। सोमवार को बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मी त्वरित कार्रवाई में जुट गए। नगर आयुक्त दीपक मिश्रा, उप नगर आयुक्त, सभी सहायक लोक अपशिष्ट स्वच्छता पदाधिकारी एवं सफाई शाखा के वरीय कर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नाला रोड में बने वीपिंग होल से पानी की निकासी तेज गति से हो रही है, जिससे जलजमाव की समस्या में काफी कमी आई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर अभी भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिसके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार, हॉस्पीटल चौक से नाला को नाला रोड से जोड़ देने के बाद वहां से भी बरसात का पानी तेज गति से निकल रहा है। वहीं, कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के कारण पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिसे दूर करने के लिए नगर निगम स्तर से कार्रवाई की जा रही है।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि बरसात के दौरान शहर में जलजमाव की किसी भी समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
“बारिश के बाद नगर आयुक्त ने किया शहर का निरीक्षण, जलजमाव दूर करने के दिए निर्देश”
Written by Sanjay Kumar
Published on:





