चंडी (अपना नालंदा)। थाना क्षेत्र के सुदामा चौक पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान पटना सिटी के बेगमपुर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। वहीं उनके मित्र पंकज कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन कुमार अपने दोस्त पंकज के साथ जैतीपुर में आयोजित एक छेका समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते समय सुदामा चौक के पास एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडी रेफरल अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि पंकज कुमार को गंभीर स्थिति में आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच में जुट गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





