पारिवारिक विवाद में युवक को मारी गोली, हालत स्थिर; पुलिस जांच में जुटी

Written by Subhash Rajak

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।भागनबिगहा थाना क्षेत्र के बी.एन. पहाड़ी गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां गुरुवार रात एक युवक को गोली मार दी गई। घायल की पहचान लक्ष्मण नट (पिता- स्व. नगीना नट) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जून की रात लगभग 11:51 बजे भागनबिगहा थाना को सूचना मिली कि बी.एन. पहाड़ी गांव में गोलीबारी की घटना घटी है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया।

घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि लक्ष्मण नट के शरीर के दाहिने पसली (पजरा) के पास गोली लगने से गंभीर जख्म है और वहां से रक्तस्राव हो रहा है। आसपास छोटे-छोटे छर्रों जैसे कई घाव भी पाए गए। घायल को त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ लाया गया, जहां से बेहतर इलाज हेतु विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल खतरे से बाहर बताया गया है और उसका इलाज जारी है।

घटनास्थल का निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 तथा नूरसराय अंचल निरीक्षक के द्वारा किया गया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। घायल लक्ष्मण नट के फर्दबयान के आधार पर औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है।

Leave a Comment