महाशिवरात्रि पर शिव-पार्वती विवाह महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति से गूंजा पूरा क्षेत्र

Written by Sanjay Kumar

Published on:

नगरनौसा (अपना नालंदा)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रखंड के आदर्श पंचायत भुतहाखार स्थित बडीहा गांव के आनंद धाम शिव मंदिर परिसर में शिव-पार्वती विवाह महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में आसपास के कई गांवों से हजारों श्रद्धालु शिव बारात के रूप में गाजे-बाजे के साथ पहुंचे। बारात का स्वागत कन्या पक्ष की ओर से आयोजक एवं सनातन सेवक संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह तथा ग्रामीणों ने किया।
ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते बारात के साथ चल रहे थे। नगरनौसा बाजार से आनंद धाम मंदिर तक लगभग चार किलोमीटर क्षेत्र में रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर और आसपास के घर रंग-बिरंगी लाइटों से सजाए गए, जिससे शाम होते ही पूरा इलाका जगमगा उठा।
महोत्सव के दौरान गुलाब और अन्य फूलों से भव्य विवाह मंडप बनाया गया, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति-रिवाज से शिव-पार्वती विवाह संपन्न कराया। महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं, जबकि पुरुष व्यवस्थाओं में सहयोग करते नजर आए। आयोजन में अनुशासन और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आयोजक अशोक सिंह ने बताया कि यह आयोजन पिछले 17 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विशेष इंतजाम किया गया था। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक बन गया।

Leave a Comment