चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)।माधोपुर पंचायत के धर्मपुर गांव में सपना जीविका ग्राम संगठन के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य था— महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, लाभान्वित महिलाओं के प्रेरणादायक अनुभवों को साझा कराना तथा उनकी आकांक्षाओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाना।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजदेव रजक और प्रखंड परियोजना प्रबंधक जितेन्द्र कुमार चौरसिया सहित कई गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों द्वारा मंत्री का चादर ओढ़ाकर भव्य स्वागत भी किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कई जीविका दीदियों ने मंच से अपने सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने जीविका समूहों के माध्यम से स्वरोजगार, वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को संवार लिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आज बिहार में 10 लाख 63 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1 करोड़ 35 लाख से अधिक परिवार जुड़े हुए हैं। यह संख्या देश के किसी भी अन्य राज्य से अधिक है। उन्होंने बताया कि अब जीविका दीदियों को 1% मासिक ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पंचायत और नगर निकायों में 50% आरक्षण महिलाओं को मिला है, जिससे वे मुखिया, वार्ड सदस्य जैसे पदों पर कार्यरत हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही जीविका दीदियों के लिए अलग सहकारी बैंक की स्थापना की जाएगी। साथ ही, राज्य के 534 प्रखंडों में इंजीनियरिंग व मेडिकल कॉलेज के कैम्पसों, छात्रावासों में सफाई, और सरकारी कार्यालयों में चाय-नाश्ता प्रबंधन की जिम्मेदारी भी जीविका दीदियों को दी जाएगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में एक लाख 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति एक साथ हुई है, जिनमें 35% महिलाएं हैं। साथ ही, पुलिस व अन्य सेवाओं में भी महिलाओं को 35% आरक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही “मशरूम लेडी” के नाम से प्रसिद्ध जीविका दीदी अनिता देवी, जिन्होंने अपने व्यवसायिक सफलता की प्रेरक कहानी साझा की।
मौके पर क्षेत्रीय समन्वयक राजीव कुमार रौशन, एलएचएस नीरज कुमार, सीसी नेहा कुमारी, सीएफ़ रूपम कुमारी, सीएफ़ गुड़िया कुमारी, सीएम और अन्य जीविका कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।




