सुजीत कुमार
पटना (अपना नालंदा)। मधेपुरा जिले के चौसा/लौआलगान बिन्द टोली में महाशिवरात्रि के अवसर पर बिन्द समाज के कुलदेवता शिवांश काशी बाबा के नवनिर्मित मंदिर में कलश यात्रा, प्राण प्रतिष्ठा और पूजा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गणेश कुमार बिन्द तथा जगत मोहन बिन्द ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन मधेपुरा जिलाध्यक्ष शंभु सिंह बिन्द और पूजा समिति के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कलश यात्रा वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने समाज की पहचान, एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि बिन्द समाज की ऐतिहासिक विरासत और परंपराओं को सशक्त करने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।
सभा में समाज के प्रतिनिधियों ने जातीय पहचान स्पष्ट रखने, आगामी जातिगत गणना में सही जानकारी दर्ज कराने तथा सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही मछुआ समुदाय की विभिन्न जातियों को अनुसूचित जाति सूची में शामिल करने की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए समाज प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने विचार रखे। आयोजन के अंत में उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजन को सामाजिक जागरूकता का माध्यम बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
मधेपुरा में काशी बाबा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर भव्य कलश यात्रा आयोजित
Written by Sanjay Kumar
Published on:







