नगरनौसा (नालंदा)। नगरनौसा बीच बाजार स्थित बड़ी दुर्गा माता मंदिर में प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री हरि कथा महायज्ञ के आयोजन को लेकर सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक विधि-विधान के साथ आरंभ हुई, जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजी लगभग 551 महिलाएं और कन्याएं कलश लेकर नगर भ्रमण में शामिल हुईं। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। मंदिर के नवनिर्माण के बाद होने वाला प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला का महत्वपूर्ण भाग है। समिति के अनुसार 16 फरवरी को कलश यात्रा व पंचांग पूजन, 17 फरवरी को अधिवासन, वेदी पूजन तथा देवी नगर भ्रमण, 18 फरवरी को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, पूजन, हवन एवं पूर्णाहुति तथा 19 फरवरी को भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
कलश यात्रा के दौरान बाजार और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों और ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह धार्मिक आयोजन आस्था, परंपरा और सामुदायिक एकता का प्रतीक बनकर पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व नगरनौसा में निकली भव्य कलश शोभायात्रा, उमड़े श्रद्धालु
Written by Sanjay Kumar
Published on:







