थरथरी (अपना नालंदा)। शुक्रवार को थरथरी प्रखंड के पुरानी अस्पताल भवन में गौरी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति लाने को लेकर पैक्स अध्यक्षों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य किसानों के पंजीकरण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर समाधान सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान पैक्स अध्यक्षों ने एक स्वर में कहा कि भूमि परिमार्जन में व्याप्त त्रुटियों तथा अंचल कर्मचारियों की लापरवाही के कारण फार्मर रजिस्ट्री एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में परिमार्जन मामले लंबित रहने से किसानों का पंजीकरण समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पैक्स अध्यक्षों का कहना था कि जब तक अंचल स्तर पर परिमार्जन कार्य में तेजी नहीं लाई जाती, तब तक फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को गति मिलना संभव नहीं है।
इस अवसर पर शिक्षा कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी और इसके लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं बीडीओ गौरी कुमारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पंजीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।
बैठक में पैक्स अध्यक्ष सुभाष प्रसाद सिंह, प्रमोद कुमार, राजवल्लभ यादव, चंद्रमणि प्रसाद, दिनेश प्रसाद, दिवाकर प्रसाद, पैक्स प्रबंधक सुनील चौधरी सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री प्रगति को लेकर थरथरी में पैक्स अध्यक्षों संग अहम बैठक
Written by Sanjay Kumar
Published on:







