बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति ने अपने जीवन के साथ-साथ मृत्यु में भी साथ निभाने की मिसाल पेश की। थाना क्षेत्र के बभनियावां गांव में पति-पत्नी की महज पांच घंटे के अंतराल पर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, महाबोधि कॉलेज नालंदा के सेवानिवृत्त लिपिक 71 वर्षीय अंबा महतो (पिता- स्वर्गीय जोधी महतो) पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। रविवार की रात करीब 9 बजे उन्होंने घर पर ही अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

बताया जाता है कि पति की मौत का सदमा उनकी 70 वर्षीय पत्नी अमिरकी देवी सहन नहीं कर सकीं। पति के निधन के कुछ ही घंटों बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन रात करीब 2 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह महज पांच घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई।
एक ही रात में दंपत्ति की अर्थी उठने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा प्रेम और अटूट लगाव था। वे हमेशा साथ रहते थे और एक-दूसरे का ख्याल रखते थे।
सोमवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान गांव का माहौल गमगीन हो गया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। इस घटना ने लोगों को भावुक कर दिया और सच्चे दांपत्य प्रेम की मिसाल बन गई।







