गोनावां में 1.80 लाख की लागत से सामुदायिक शौचालय का लोकार्पण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरनौत (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के गोनावां पंचायत में शुक्रवार को स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवनिर्मित सामुदायिक स्वच्छता परिसर (सामुदायिक शौचालय) का लोकार्पण किया गया। यह लोकार्पण लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत सीबी एंड आईसी के जिला सलाहकार रोहित कुमार, पंचायत मुखिया अमरेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
यह सामुदायिक शौचालय वार्ड संख्या दो के महादलित टोला में बनाया गया है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रखंड समन्वयक (बीसी) प्रियदर्शनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शौचालय का निर्माण 1.80 लाख रुपये की लागत से किया गया है। एक ही भवन में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए दो-दो शौचालय कक्ष तथा एक दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय का निर्माण किया गया है। इस प्रकार कुल पांच यूनिट शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण के बाद जिला सलाहकार रोहित कुमार एवं मुखिया अमरेश उपाध्याय ने आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि परिसर में सोख्ता का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है तथा यहां एक सरकारी चापाकल की भी सुविधा उपलब्ध है। यह सामुदायिक शौचालय ‘पे एंड यूज’ मॉडल पर आधारित होगा, यानी उपयोग करने पर नाममात्र शुल्क लिया जाएगा।
बताया गया कि यह शौचालय उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जिनके पास व्यक्तिगत शौचालय नहीं है। शौचालय की देखरेख के लिए पांच सदस्यीय निगरानी समिति गठित की गई है, जिसमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक दिव्यांग सदस्य शामिल हैं। पंचायत में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण भी सुचारू रूप से किया जा रहा है। शौचालय की मरम्मत 15वें वित्त आयोग की राशि से की जाएगी। यह निर्माण ‘हमारा शौचालय–हमारा सम्मान’ (मिशन-40) अभियान के तहत खुले में शौच की प्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से किया गया है। मौके पर स्वच्छता पर्यवेक्षक, विकास मित्र, स्वच्छता कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment