आर संतोष भारती,कतरीसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के नामित मध्य विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सामूहिक वार्षिक बाल मेला, स्पोर्ट्स मीट, अभिभावक संगोष्ठी तथा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास को बढ़ावा देना था।
बाल मेले के दौरान बच्चों ने खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। इस अवसर पर आयोजित अभिभावक संगोष्ठी में बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के नियमित अध्ययन, संतुलित आहार और सकारात्मक वातावरण के महत्व की जानकारी दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ा।
इसी क्रम में प्रखंड के +2 विद्यालयों में टेलीविजन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक हिस्सा है और इसका उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को समझना है।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा के समय तनाव से दूर रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि आनंद के साथ करने की सलाह दी। ‘परीक्षा पे चर्चा’ के माध्यम से छात्रों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने और सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने इसे बच्चों के भविष्य के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कतरीसराय में बाल मेला आयोजन, खेलकूद संग ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण
Written by Sanjay Kumar
Published on:







