विजय प्रकाश उर्फ पिन्नु,नूरसराय (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड अंतर्गत नीरपुर पंचायत के हड़ौल गांव में शुक्रवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की आग से झुलसकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान देवन यादव, पिता प्रसादी यादव के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवन यादव सुबह शौच के लिए घर से बाहर गए थे। लौटने के बाद ठंड से बचने के लिए उन्होंने अपने घर के पास आग जलाई। इसी दौरान पास में रखे पुआल के ढेर में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया और देवन यादव उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने शोर सुनकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बार-बार बेसुध हो रहे थे। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नूरसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडर्न अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल हक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री अनुग्रह अनुदान योजना के तहत मृतक के पुत्र पिंटू यादव को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। प्रशासन ने हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
हड़ौल गांव अग्निकांड में वृद्ध की मौत, परिजनों को चार लाख सहायता
Written by Sanjay Kumar
Published on:







