राजगीर के सरस्वती विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव ‘अंतराग्नि’, डीएम कुंदन कुमार ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। मंगलवार को पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर, राजगीर में वार्षिकोत्सव के अंतर्गत ‘अंतराग्नि’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सवमय माहौल में रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, नालंदा कुंदन कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बिहार के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के संगठन मंत्री खयालीराम जी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. नंद किशोर पांडेय तथा भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंधन समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया गया।


विद्यालय के प्राचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया तथा अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सभी का स्वागत किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए बच्चों को ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से युक्त शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्या भारती की संस्कारयुक्त शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार हैं।


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने अपने आशीर्वचन में कहा कि विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच का विकास होना चाहिए तथा भगवान श्रीराम के मर्यादित और आदर्श चरित्र को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। विद्या भारती के संगठन मंत्री खयालीराम जी ने विद्यालयों में सांस्कृतिक चेतना के विकास पर बल दिया, वहीं डॉ. नंद किशोर पांडेय ने बच्चों को संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा स्वागत गीत, गणेश वंदना, बिहार गौरव गीत, संस्कृत गीत, अंग्रेज़ी नाटक, हिंदी नाटक, कथक नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान विगत बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा योग प्रदर्शन एवं ताइक्वांडो का रोमांचक प्रदर्शन भी किया गया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।


अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य रामजी प्रसाद सिन्हा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्यगण, दीदी जी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment