संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।राज्य में राजनीतिक और सामाजिक बदलाव की बयार को गति देने के उद्देश्य से जन सुराज की ओर से ‘बिहार बदलाव सभा’ का आयोजन आगामी 10 अगस्त को चंडी के बापू उच्च विद्यालय मैदान में किया जाएगा। इस सभा को जन सुराज के संस्थापक एवं प्रसिद्ध चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर संबोधित करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जन सुराज की नालंदा जिला महिला अध्यक्ष पूनम सिन्हा ने बताया कि यह सभा जन सुराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और बिहार में व्याप्त भ्रष्टाचार, बदहाली एवं कुव्यवस्था के खिलाफ जनचेतना जगाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
सभा को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में कार्य करते हुए पूनम सिन्हा ने नूरसराय प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा किया। नूरसराय, नारी, तियारी, दरुआरा, प्रह्लाद नगर, अंधना, सरदार बिगहा, अंधना मोड़ होते हुए उन्होंने आम लोगों को निमंत्रण कार्ड के साथ-साथ आम का पौधा भेंट कर सभा में शामिल होने का अनुरोध किया। पौधा भेंट करने की इस अनूठी पहल से पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया।
जन सुराज की जिलाध्यक्ष ने कहा, “अब बिहार में बदलाव अत्यंत जरूरी है। भ्रष्टाचारियों के दिन लद चुके हैं। यह दिवाली और छठ बिहार की बदहाली की आखिरी होगी। राज्य के हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन देने के लिए जन सुराज प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि जन सुराज की सरकार बनती है, तो दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी पुरुष और महिलाओं को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी। यह योजना वृद्धजनों की आर्थिक सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करेगी।
पूनम सिन्हा ने आम जनता से अपील की है कि वे 10 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में चंडी पहुंचें और इस बदलाव यात्रा का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को दिशा देने वाली क्रांति है।”