हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)।प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में बुधवार को शारदीय (खरीफ) महा अभियान 2025 के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता बीएओ ब्रज किशोर चरण ने की और संचालन पसंस रौशन कुमार ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) हरनौत के गृह विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक डॉ. ज्योति सिन्हा, वैज्ञानिक कुमारी विभा रानी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विजेश कुमार सिंह, आत्मा के उप परियोजना निदेशक अविनाश कुमार, तकनीकी सहायक धनंजय कुमार, बीडीओ उज्जवल कांत, सीओ सोनू कुमार, मुखिया एवं आत्मा अध्यक्ष हरिनारायण सिंह, गोनावां मुखिया अमरेश उपाध्याय सहित कई अधिकारी और किसान उपस्थित थे।
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन
बीएओ ब्रज किशोर चरण ने बताया कि प्रखंड के चेरन, सबनहुआडीहा और डिहरी पंचायतों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 125 एकड़ में खेती का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने फार्मर आईडी और बिहार कृषि ऐप की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।
तकनीकी जानकारी से लैस हुए किसान
तकनीकी सहायक धनंजय कुमार ने किसानों को ग्रीष्मकालीन जुताई, खरपतवार प्रबंधन, मशीनरी का उपयोग, ट्राईकोडर्मा जैसे जैविक उत्पाद, और धान की सीधी बुवाई पर जानकारी दी। उन्होंने अरहर की खेती पर विशेष बल देते हुए कहा—”पंक्ति में शक्ति है”। उन्होंने बताया कि 70×40 सेमी की दूरी पर रोपाई करने से बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है।
77 प्रकार के कृषि यंत्रों पर मिल रही सब्सिडी
उप परियोजना निदेशक अविनाश कुमार ने बताया कि पहले जहां 90 प्रकार के यंत्र दिए जाते थे, अब छंटनी के बाद 77 प्रकार के कृषि यंत्रों पर 40 से 80% तक की सब्सिडी दी जा रही है।
किसानों को जागरूक करने की जरूरत
गोनावां मुखिया अमरेश उपाध्याय ने कहा कि किसानों को बीज वितरण की जानकारी समय पर नहीं मिलने के कारण कई बार वे इससे वंचित रह जाते हैं। उन्होंने किसानों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
मरुआ की खेती को बताया लाभकारी
वैज्ञानिक डॉ. ज्योति सिन्हा ने बताया कि मरुआ की खेती कम लागत, समय की बचत और पोषण से भरपूर है। इससे कई प्रकार के व्यंजन बनाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि KVK में 18 से 60 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों को विविध प्रशिक्षण दिए जाते हैं।
वैज्ञानिक विभा रानी ने जलवायु अनुकूल खेती, धान की किस्में, पेड़ लगाने की आवश्यकता और पायलट प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी।
मिट्टी जांच और योजनाओं की जानकारी
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने मिट्टी जांच, बिहार कृषि ऐप, और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला।
सीओ पर लगे आरोप
कार्यक्रम में मुखिया संघ के अध्यक्ष रणविजय पटेल ने सीओ पर दलालों के संरक्षण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीओ के पास करीब 10 प्रकार के दलाल सक्रिय हैं, जो किसानों को परेशान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक एग्रीकल्चर कोऑर्डिनेटर रवि कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मौके पर मुखिया विद्यानंद बिंद, बृजनंदन प्रसाद, रामनंदन प्रसाद, नगीना प्रसाद, राम सुहावन प्रसाद, सुनील कुमार, सतीश कुमार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।