अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, राजनीतिक हलचल तेज़ होती जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को नालंदा जिला मुख्यालय स्थित दीपनगर के एक निजी सभागार में आयोजित बैठक के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव सुजाता कुशवाहा को नालंदा विधानसभा सीट से महागठबंधन की संभावित प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारने की औपचारिक घोषणा की गई।
बैठक में कुशवाहा समाज के सैकड़ों लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए उन्हें समर्थन देने का वादा किया। कार्यक्रम में कई राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी ने सुजाता कुशवाहा की दावेदारी को और भी मजबूती प्रदान की।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता संजय कुमार उर्फ ज्योति ने सुजाता कुशवाहा की राजनीतिक सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि वे 2013 से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया है और सामाजिक कार्यों के जरिए आम जनता से गहरा संबंध स्थापित किया है।
इस दौरान संजय कुमार उर्फ ज्योति ने मौजूदा विधायक एवं राज्य सरकार में मंत्री श्रवण कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “श्रवण कुमार 30 वर्षों से विधायक और 18 वर्षों से सरकार में मंत्री हैं, इसके बावजूद नालंदा में विकास नगण्य है। न तो युवाओं को रोजगार मिला है और न ही क्षेत्र में कोई ठोस बुनियादी सुविधा उपलब्ध है। आज भी लोग ट्रेन में भेड़-बकरियों की तरह सफर कर अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि विकास केवल कुछ गिने-चुने लोगों तक सीमित रह गया है। जनता अब बदलाव चाहती है और सुजाता कुशवाहा एक सशक्त विकल्प के रूप में उभर रही हैं।







