प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, ज़हर देकर मारने की आशंका

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय (अपना नालंदा)। जिले के नूरसराय थाना अंतर्गत बेलसर गांव निवासी शंकर चौधरी (उम्र 34 वर्ष) की शुक्रवार की सुबह बिहारशरीफ के एक निजी क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और उसके प्रेमी पर ज़हर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मृतक की ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

भाभी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप

मृतक के छोटे भाई मंटू चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि 16 अप्रैल को उनकी भाभी पिंकी देवी ने शंकर को फोन कर बुलाया और कहा कि वह अब घर लौटना चाहती है, इसलिए वह उसे मायके से लेने आए। पिंकी देवी पिछले आठ महीने से अपने मायके में रह रही थी और इसी दौरान उसका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हो गया था। परिजनों के अनुसार, वह आठ महीने पहले घर छोड़कर कथित प्रेमी के साथ चली गई थी।

मंटू चौधरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह क्लिनिक से फोन आने पर जब वे पहुंचे तो शंकर की मृत्यु हो चुकी थी। उन्हें शक है कि पिंकी और उसके प्रेमी ने उसे ज़हर देकर मार डाला है। परिजनों ने यह भी बताया कि मृतक शंकर अपनी पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करता था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

घर पर ताला, ससुराल वाले फरार

घटना के बाद मृतक की ससुराल वाले गांव से फरार हो गए हैं। रहिचा गांव स्थित उनके घर पर ताला लटका हुआ है। इससे परिजनों के आरोप को और बल मिला है।

शादी को हुए थे 19 वर्ष

मृतक शंकर चौधरी की शादी वर्ष 2006 में शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के रहिचा गांव निवासी हरिलाल चौधरी की पुत्री पिंकी देवी से हुई थी। दोनों को दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। शंकर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

नूरसराय थाना प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि यह मामला शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र का है, हालांकि मृतक नूरसराय क्षेत्र का रहने वाला था। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिजन अब शेखोपुरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने जा रहे हैं।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Comment