अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान, कई अहम जानकारियाँ दी गईं

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिंनु
नूरसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड परिसर में बुधवार को अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से बताया कि किस प्रकार छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर आगजनी की घटनाओं से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में कलाकारों ने बताया कि यदि कपड़ों में आग लग जाए तो व्यक्ति को ज़मीन पर लेटकर और लुढ़ककर आग बुझाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि यदि आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका हो, तो समय-समय पर घर की वायरिंग की जांच करानी चाहिए।

प्रमुख सुझाव जो नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए:

  • आग लगने की स्थिति में सामूहिक प्रयास से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास करें।
  • मवेशियों को सुरक्षित रखने हेतु उनके पास पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें और उनकी निगरानी करें।
  • घर में बालू, मिट्टी और पर्याप्त मात्रा में पानी पहले से रखें ताकि आपात स्थिति में उसका उपयोग किया जा सके।
  • फूस के घरों में टाट पर मिट्टी का लेप अवश्य करें।
  • सुबह 9:00 बजे से पहले और शाम 6:00 बजे तक खाना बना लें और भोजन बनाने के बाद आग को पूर्णतः बुझा दें।
  • पॉलिस्टर के कपड़े पहनकर कभी भी खाना न बनाएं।
  • तेज हवा के समय खाना बनाने से बचें।
  • सार्वजनिक स्थानों, ट्रेन और बसों में ज्वलनशील पदार्थ ले जाने से परहेज करें।
  • मोमबत्ती और लालटेन को ऐसी जगह रखें जहां से गिरने का खतरा न हो।
  • बीड़ी-सिगरेट पीने के बाद जलती तिल्ली को खुले स्थान पर न फेंकें।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. जिया उल हक एवं अंचलाधिकारी दीपक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
दोनों अधिकारियों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से जन जागरूकता बढ़ती है और आमजन तक महत्वपूर्ण जानकारी सरल तरीके से पहुंचाई जा सकती है।

Leave a Comment