अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की तीन दिवसीय साधारण सभा बैठक का समापन रविवार को राजगीर स्थित पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर में हुआ। यह बैठक 11 अप्रैल से आयोजित थी। अंतिम दिन विद्या भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ललित बिहारी गोस्वामी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक का संचालन विवेक शेंडे ने किया।
इस चुनाव में प्रोफेसर रवीन्द्र कान्हेरे को विद्या भारती का अखिल भारतीय अध्यक्ष निर्विरोध रूप से चुना गया। वे आगामी तीन वर्षों तक इस पद पर कार्यभार संभालेंगे। चुनाव अधिकारी प्रो. रंजीत कुमार वर्मा और डॉ. ललित बिहारी गोस्वामी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मूल रूप से मध्य प्रदेश निवासी प्रो. रवीन्द्र कान्हेरे ने अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता राष्ट्रीय शिक्षा नीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की रहेगी। इसके लिए वे सरकार और समाज दोनों के सहयोग से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की सज्जन शक्तियों को जोड़कर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से 271 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन लघु भारत की झलक प्रस्तुत कर रहा था। विद्या भारती, जो शिक्षा के क्षेत्र में देश की अग्रणी संस्था है, न केवल बच्चों की शिक्षा पर बल देती है, बल्कि ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के लिए भी समर्पित है।
इस अवसर पर राजेन्द्र प्रसाद खेतान, जैनपाल जैन, कमल किशोर सिन्हा, क्षेत्रीय सह मंत्री राणा पुरुषोत्तम कुमार सिंह, डॉ. ज्वाला प्रसाद, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्यालीराम, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, रामलाल सिंह, नकुल कुमार शर्मा, भरत पूर्वे, प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार प्रमुख बीरेंद्र प्रताप सिंह आचार्य रहे।




