अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा के विस्तारित भवन श्रम कल्याण केंद्र मैदान में रविवार को साप्ताहिक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य निसहाय और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया

शिविर में कुल 160 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ श्याम बिहारी ने 41 मरीजों की जांच की, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ अभिनव कुमार सिंह ने 40 लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें उचित सलाह दी। फिजिशियन डॉ अखिलेश कुमार, डॉ वीरेंद्र कुमार और डॉ इंद्रजीत कुमार ने मिलकर 70 मरीजों की जांच की। वहीं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ स्मृति सिन्हा ने 18 लोगों की दांत संबंधी समस्याओं की जांच कर उपचार संबंधी सलाह दी। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ मोहम्मद शहजाद आलम ने भी कई मरीजों का परीक्षण किया। इसके अलावा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ गौतम कुमार और डॉ रितेश कुमार ने 15 लोगों को परामर्श दिया तथा 30 लोगों की मधुमेह की जांच की गई।
शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी सहायक साबित हो रहे हैं। रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर आगे भी जारी रहेगा और प्रत्येक रविवार को लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित, कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार, मोहम्मद अखलाक अहमद, सुधांशु रंजन, दिलीप पासवान, परमेश्वर महतो समेत कई आजीवन सदस्य उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







