बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा कॉलेज में सोमवार को प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा की अध्यक्षता में शिक्षकेतर कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था, कार्य निष्पादन की गति और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारी किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आधारशिला होते हैं और संस्थान की कार्यकुशलता काफी हद तक कार्यालयीन तंत्र की दक्षता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी से समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आग्रह किया तथा टीम भावना के साथ महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संतोष कुमार, विनय कुमार, अंजनी कुमार और कमलेश कुमार सहित कई कर्मियों ने कार्य विभाजन की स्पष्टता, तकनीकी प्रशिक्षण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित मुद्दे उठाए। प्राचार्य ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, छात्रवृत्ति वितरण, परीक्षा तैयारी, वेतन एवं पेंशन मामलों के त्वरित निष्पादन तथा लंबित फाइलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी कर्मियों को नए वर्ष की डायरी और कैलेंडर भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
नालंदा कॉलेज में प्राचार्य की सख्त हिदायत, समयबद्ध और जवाबदेह बनें कर्मचारी
Written by Sanjay Kumar
Published on:







