हिलसा (अपना नालंदा)। भाकपा (माले) की ओर से राज्य कमिटी सदस्य एवं आरवाईए के राज्य अध्यक्ष जितेंद्र पासवान सहित अन्य साथियों को आजीवन कारावास की सजा के विरोध में सोमवार को शहर की सड़कों पर आक्रोशपूर्ण प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और युवाओं ने भाग लिया। जुलूस पार्टी कार्यालय से निकलकर काली स्थान, वरुण तल सिनेमा मोड़ होते हुए जोगीपुर मोड़ पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई।
सभा की अध्यक्षता इंकलाबी नौजवान सभा के प्रखंड सचिव ब्रह्मदेव प्रसाद बिंद ने की। इस दौरान जिला सचिव सुरेंद्र राम ने कहा कि जितेंद्र पासवान गरीबों, मजदूरों और युवाओं की आवाज उठाने वाले मुखर नेता रहे हैं और उन्हें साजिश के तहत सजा दिलाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है और इसमें निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने दावा किया कि मामले में ठोस साक्ष्य के अभाव के बावजूद कठोर सजा दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सभा में कई नेताओं ने संबोधित करते हुए निर्णय के खिलाफ कानूनी और जनांदोलन दोनों स्तर पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में दिनेश कुमार यादव, मुनीलाल यादव, प्रमोद यादव, संजय पासवान, चुन्नू चंद्रवंशी, डॉ. शैलेश यादव, डॉ. सुरेंद्र राव, कमलेश पासवान और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि कार्यकर्ताओं में निर्णय को लेकर रोष स्पष्ट दिखाई दिया।
आजीवन कारावास फैसले के विरोध में हिलसा में माले का जोरदार प्रदर्शन
Written by Sanjay Kumar
Published on:







