आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के टेक नारायण +2 विद्यालय, बादी के शिक्षकों ने विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए एक सराहनीय पहल शुरू की है। इसी क्रम में विद्यालय के लाइब्रेरी शिक्षक भूपेंद्र प्रसाद तथा लिपिक नीरज कुमार ‘बंटी’ पोषक क्षेत्र के बिलारी पंचायत स्थित कमल बिगहा गांव पहुंचे और नामांकित छात्रों के अभिभावकों से सीधे संवाद किया।
शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों को सरकारी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा छात्रों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका पूरा लाभ तभी मिल सकता है जब बच्चे नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहें।
इस दौरान अभिभावकों को शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है और नियमित उपस्थिति से ही उनका शैक्षणिक विकास संभव है।
विद्यालय की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और भरोसा दिलाया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजेंगे। स्थानीय लोगों ने इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि ऐसे प्रयासों से न केवल उपस्थिति में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी बनेगा।
शिक्षकों ने गांव पहुंच बढ़ाई शिक्षा जागरूकता, अभिभावकों को किया प्रेरित
Written by Sanjay Kumar
Published on:







