गौतम समूह संस्थान में धूमधाम से मनाया गया 79 वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति से सराबोर रहा माहौल

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना)। गौतम समूह संस्थान के भागन बिगहा कैंपस में शुक्रवार को 79 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल झंडोत्तोलन से हुई, जिसके लिए स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था। इसके निर्माण और सजावट में छात्र-छात्राओं की अहम भूमिका रही।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अभीजित कुमार गौतम ने देश की आजादी के ऐतिहासिक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि हम उनके ऋणी हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजाद कराया।
संस्थान के सचिव त्रिपुरारी लाल ने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध ने भारत की आजादी की राह को तेज किया, क्योंकि ब्रिटिश सरकार को भारी क्षति हुई और वे आंदोलन का सामना करने में असमर्थ रहे।

कार्यकारी सचिव डॉ. विनोद कुमार ने ब्रिटिश शासन की नीतियों और लंबे समय तक भारत पर उनके कब्जे के कारणों पर चर्चा की, वहीं कार्यकारी सचिव हरेराम सिंह ने आजाद भारत की चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार रखे।

डी.पी. सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन (शिक्षक प्रशिक्षण) के प्राचार्य डॉ. श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि आजादी का केवल गुणगान करने से नहीं, बल्कि उसे जीवित रखने के लिए नैतिकता, अनुशासन और कार्य संस्कृति का पालन आवश्यक है। गौतम शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव ने स्वतंत्रता और परतंत्रता के बीच के संबंधों पर प्रकाश डाला।

डी.पी. सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन (नर्सिंग) की प्राचार्या मैडम शिवलिया ने समानता और बंधुत्व के महत्व को रेखांकित किया। गौतम इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिक्स की प्राचार्या श्रीमती खुशबू कुमारी ने आजादी को शाश्वत बनाए रखने के लिए जरूरी बिंदुओं पर चर्चा की, वहीं गौतम इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रभारी प्राचार्य ने स्वतंत्रता को जीवंत रखने के आवश्यक तत्वों पर प्रकाश डाला।

शैक्षिक कार्यक्रम के बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन जलपान वितरण के साथ हुआ।

Leave a Comment