अधिकारों के अभाव में नालंदा सहित बिहार के 51 उप मुख्य पार्षदों ने सौंपा इस्तीफा, नगर विकास मंत्री से 15 दिन में समाधान का आश्वासन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
चंडी । उप मुख्य पार्षद पद को केवल नाम मात्र का बताते हुए बिहार के 51 उप मुख्य पार्षदों ने मंगलवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा को सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने वालों में नालंदा जिले के छह उप मुख्य पार्षद — चंडी, परवलपुर, एकंगरसराय, रहुई, अस्थावां और हिलसा नगर परिषदों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

उप मुख्य पार्षद संघ के जिला संयोजक प्रवीण कुमार सुमन ने कहा कि राज्य सरकार ने उप मुख्य पार्षद का पद तो बना दिया है, लेकिन उसे कोई निर्णयात्मक या प्रशासनिक अधिकार नहीं दिए गए हैं। नतीजतन, यह पद केवल प्रतीकात्मक बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि जनता ने उप मुख्य पार्षदों को जनसेवा के लिए चुना था, लेकिन अधिकार न होने के कारण वे जनता के प्रति जवाबदेह नहीं बन पा रहे हैं। न ही उनकी बातों को कोई सुनता है और न ही कोई सम्मान मिल रहा है।

प्रवीण सुमन ने बताया कि नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा से मुलाकात के दौरान उन्होंने इस व्यवस्थागत असंतोष की पूरी जानकारी दी। इस पर मंत्री ने उप मुख्य पार्षद संघ से 15 दिन का समय मांगा है और आश्वासन दिया है कि इस अवधि में उप मुख्य पार्षदों की भूमिका को लेकर सकारात्मक पहल की जाएगी।

उप मुख्य पार्षदों का कहना है कि अगर तय समयसीमा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे राज्यव्यापी आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं।

Leave a Comment