हरिओम कुमार
हरनौत (नालंदा)। प्रखंड के हिरदन बिगहा क्षेत्र स्थित इजरा खंदा में शनिवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब 12 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर सांसद कौशलेंद्र कुमार भी अगलगी स्थल पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन से पहल की जाएगी।

जदयू नेता रोहित कुमार ने बताया कि दोपहर के समय अज्ञात कारणों से खेतों में आग लग गई। इस अगलगी की घटना में नागेंद्र प्रसाद के लगभग दो एकड़, शेखर कुमार के तीन एकड़ तथा अरविंद महतो के करीब एक एकड़ छह कट्ठा क्षेत्र में फैली गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। आग लगते ही किसान डंडा और लाठी लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़े और आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तेज हवा और धुएं के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हुई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया गया।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने जिला पदाधिकारी और अंचल प्रशासन को घटना से अवगत कराते हुए नुकसान का पारदर्शी सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए तथा बटाईदार किसानों को भी बिना किसी देरी के सहायता उपलब्ध कराई जाए। मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।







