एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम पर सरस्वती विद्या मंदिर राजगीर में मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर, राजगीर में 21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भव्य रूप से विद्यालय परिसर में किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई, जिसे विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंत कुमार सिन्हा, उपप्रधानाचार्य रामजी सिन्हा, आचार्य संजय कुमार मिश्रा, संगीता दास, अंजनी गुप्ता आदि ने संयुक्त रूप से सम्पन्न किया।

योग अभ्यास सत्र का नेतृत्व संजय कुमार मिश्रा जी ने किया, जिसमें सहजयोग के साथ-साथ प्राणायाम, भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, ब्राह्मरी, सूक्ष्म व्यायाम, शशांकासन, मंडूकासन, अर्ध कटिचक्रासन, सूर्य नमस्कार आदि का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी भैया द्वारा की गई, जिसने वातावरण को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर योग संदेश और प्रेरक उद्बोधन अर्जुन शर्मा, रामकृष्ण चटर्जी, मनोज कुमार पांडे और श्रीमती संगीता दास द्वारा दिया गया। संगीता दास जी ने योग के दैनिक जीवन में महत्व पर बल दिया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने योग संकल्प लिया और समापन मंत्र का उच्चारण अर्जुन शर्मा और संजय कुमार मिश्रा जी द्वारा कराया गया।

इस कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहन, आचार्यगण, अभिभावक तथा संस्कार केंद्र के मनोज कुमार जी एवं आचार्य दीदी के नेतृत्व में आए भैया-बहन भी शामिल हुए। कुल सहभागियों की संख्या 1016 रही।

उपरोक्त जानकारी विद्यालय के प्रचार-प्रसार प्रमुख आचार्य बीरेंद्र प्रताप सिंह ने दी।

Leave a Comment